-चंडीगढ़(अमरपाल नूरपुरी):-बटाला के एक स्कूल में हिन्दी अध्यापिका मुक्ता शर्मा त्रिपाठी की नई पुस्तक “मुक्तामणि-जीवन के सूत्र” का यहाँ चंडीगढ़ में एक समारोह के दौरान विमोचन किया गया। इस अवसर संजीव शर्मा, संयुक्त सचिव-शिक्षा विभाग मुख्य अतिथि सहित पारिवारिक सदस्य और मित्र भी मौजूद थे।
मुख्य अतिथि संजीव शर्मा ने मुक्ता शर्मा त्रिपाठी को उनकी बुक की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मुक्ता शर्मा त्रिपाठी जी शिक्षा के साथ साथ प्रेरणा से भरपूर किताबें भी निकाल रही है। यह बच्चों के मार्गदर्शन के लिए एक अच्छा प्रयास है। संजीव शर्मा ने कहा कि उन्होंने बुक पढ़ी है। बुक में बड़े ही प्रभावशाली प्रेरक प्रसंग है। जो जीवन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर रोशनी डालते हैं।

बुक के बारे में जानकारी देते हुए मुक्ता शर्मा त्रिपाठी ने बताया कि “मुक्तामणि” अर्थात् पवित्र तथा कीमती मोती। यह अनमोल होते हैं। एक जौहरी इसके भौतिक तथा आर्थिक महत्त्व के कारण परन्तु विद्वान वैचारिक महत्त्व के कारण पूजा करता है। मणि केवल गहने बनाने या उनमें जड़ाऊ मोती के रूप में शोभा प्राप्त करने के ही कार्य में नहीं आती।
उन्होंने आगे बताया कि प्रतीक रूप में मुक्ता-मणि का प्रयोग कई जगह पर किया जाता है। इस पुस्तक में भी मुक्तामणि का अर्थ वे बहुमूल्य विचार हैं, जो हमारे जीवन में प्रेरणा, उर्जा, सकारात्मक्ता तथा नवजीवन का संचार करें।
मुक्ता शर्मा त्रिपाठी ने आगे बताया कि “मुक्तामणि- जीवन के सूत्र” पुस्तक का आधार कोविड के दौरान ही रखा गया था। उस समय अपने विद्यार्थियों से बात न कर पाने की कमी खलती थी। चाहे ऑनलाइन कक्षाएँ लग रहीं थीं। परन्तु जो उनसे कक्षा में प्रेरक विचारों का आदान-प्रदान होता था, उस प्रवाह को जीवंत करने के लिए सोशल मीडिया पर रोज़ एक मुक्तामणि बच्चों के सम्बंधित चित्रों के माध्यम से भेजना शुरू किया। मेरे विद्यालय के विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों, मेरे साथी अध्यापकों, मेरे अपने बच्चों ने उसे बेहद पसंद किया, बेहद सराहा।

