-अमरपाल नूरपुरी
–अशोक बुवानीवाला लगातार नौवीं बार सर्वसम्मति से चुने गए अग्रवाल वैश्य समाज के प्रदेशाध्यक्ष
– राजेश सिंगला व बलराम गुप्ता बने महासचिव
वृंदावन। विश्व के सबसे महान रणनीतिकार और धर्म, नीति व कर्मयोग के प्रेरणास्रोत भगवान श्रीकृष्ण की पावन लीला भूमि वृंदावन में अग्रवाल वैश्य समाज हरियाणा के प्रतिनिधियों ने एक बार फिर अशोक बुवानीवाला के नेतृत्व पर विश्वास जताते हुए उन्हें लगातार 9वीं बार प्रदेश अध्यक्ष की कमान सौंपी। ज्ञात रहें कि स्थानीय दिल्ली श्रीधाम में आयोजित समाज के प्रदेशस्तरीय अधिवेशन के उपरांत प्रदेश अध्यक्ष अशोक बुवानीवाला द्वारा अपनी कार्यकारिणी भंग करने के पश्चात चुनाव अधिकारी एमपी जैन ने संगठन के द्विवार्षिक चुनाव हेतू प्रधान व महासचिव पद के लिए आवेदन मांगे लेकिन प्रदेश के कोने-कोने से पहुंचे वैश्यबंधुओं ने ध्वनीमत एक स्वर में अशोक बुवानीवाला के नाम पर सर्वसम्मति बनाऐं रखी। जिसके पश्चात कोई अन्य आवेदन प्राप्त न होने की स्थिति में चुनाव अधिकारी एमपी जैन ने अशोक बुवानीवाला को पुन: संगठन की कमान सौंपने की औपचारिक घोषणा की। इसी क्रम में चुनाव अधिकारी को महासचिव पद हेतू 2 नामांकन प्राप्त हुए किंतु समाज की एकता को बनाएं रखने के लिए दोनों नामाकंन को वापिस ले लिया गया और सर्वसम्मति से राजेश सिंगला कुरूक्षेत्र व बलराम गुप्ता चरखी दादरी को भी पुन: की भांति प्रदेश महासचिव बनाएं रखने का फैसला लिया गया। चुनाव के पश्चात प्रदेश अध्यक्ष अशोक बुवानीवाला ने अपनी कार्यकारिणी में नई टीम के रूप में सुभाष तायल रोहतक, पवन अग्रवाल अम्बाला व विनोद सिंगला कैथल को प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष एवं कमल मित्तल जींद को कोषाध्यक्ष बनाएं जाने की घोषणा कर मौके पर ही 7 सदस्यीय टीम का गठन किया।
चुनाव से पूर्व चुनाव से पूर्व समाज के प्रांतीय अधिवेशन में देशभर के वैश्य नेताओं ने बतौर अतिथि समाज की राजनीतिक एवं संगठनात्मक एकता पर मंथन किया। इस मौके पर विशेष रूप से पहुंचे अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन के राष्ट्रीय चेयरमैन प्रदीप मित्तल ने अपने समाज के लोगों को अपना संबोधन देते हुए कहा कि जब नेतृत्व सहीं हाथों में नहीं होता, तब कोई भी समाज या संगठन केवल व्यक्तिगत महत्वकांक्षाओं एवं स्वार्थ सिद्धी का साधन बन जाता है। बाबू बनारसी दास गुप्ता सहित पूर्व वैश्य नेताओं का उदाहरण देते हुए उन्होंने समझाया कि ये वो दौर था जब इन नेताओं ने बिखरे हुए समाज को संगठित कर जब भी समाज के हितों पर कोई आंच आई तो सत्ता तक से टकराकर उन्हें झुकने पर विवश किया। अग्रवाल वैश्य समाज की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि ये हरियाणा प्रदेश का ये संगठन भी मुझें उस सुनहरे दौर की याद दिलाता है, जो जरूरत पडऩे पर समाज के लिए सत्ता से टकराने में भी हिचक नहीं करता। इसलिए आज जरूरत सिर्फ संगठन खड़ा करने की नहीं बल्कि समाज को सही नेतृत्व देने और सत्ता की समुचित भागीदारी के लिए लडऩे की है। इस मौके पर उन्होंने प्री-वैडिंग सूट और शादी के कार्ड के साथ मिठाई देने, समाज में देर से होने वाली शादीयों जैसी कुरूतियों से भी एकजुट होकर लडऩे का आह्वान किया।
उत्तर प्रदेश व्यापारी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष रविकांत गर्ग ने कहा कि आज इस आयोजन में सम्मलित होकर देख पाया हूं कि ये संगठन एक मिशाल के तौर पर काम कर रहा है। चाहें समाजसेवा की बात की जाए या फिर राजनीति की न सिर्फ पदाधिकारी बल्कि आम सदस्य भी एक परिवार के रूप में मिलकर काम कर रहें है।
राष्ट्रीय जनउद्योग व्यापार संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित गुप्ता ने कहा कि वैश्य समाज हमेशा से देश की अर्थव्यवस्था, व्यापार और सामाजिक सेवा का मजबूत स्तंभ रहा है। मेहनत, ईमानदारी और उद्यमिता के बल पर इस समाज ने राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इसलिए समय की पुकार है कि वैश्य समाज अपनी परंपरागत उद्यमिता के साथ-साथ लडऩा सीखकर राजनीतिक भागीदारी की ओर भी सशक्त कदम बढ़ाएं।
राष्ट्रीय नवचेतना मंच के अध्यक्ष विजय सोमाणी ने अपने वक्तव्य में कहा कि वैश्य समाज आपसी एकता, संगठन और सहयोग की भावना को बनाए रखे। उन्होंने कहा कि समाज के अंदर मतभेद हो सकते हैं, लेकिन मनभेद कभी नहीं होना चाहिए।
बनारसी दास गुप्ता फाउंडेशन के अध्यक्ष अजय गुप्ता ने कहा कि आज वैश्य समाज के संगठन तो बहुत है लेकिन अग्रवाल वैश्य समाज ही सही मायनों में वो काम कर रहा है, जिसकी समाज को जरूरत है। उद्योगपति एवं समाजसेवी वासूदेव गर्ग ने कहा कि वैश्य समाज के लिए सामाजिक कार्य सर्वोपरी है लेकिन उतने ही जरूरी राजनीति भी है। वैश्य वल्र्ड फाउंडेशन के अध्यक्ष यशपाल गुप्ता ने भी मजबूत राजनीतिक भागीदारी पर जोर देते हुए कहा कि समाज को इस स्तर पर मजबूर होना चाहिए कि हम वोट देने उनके पास न जाएं बल्कि नेता खुद उनके पास आकर वोट मांगे।
अधिवेशन में प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष सुभाष तायल रोहतक, पवन अग्रवाल अम्बाला, विनोद सिंगला कैथल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्रीनिवास गुप्ता बहादुरगढ़, उपाध्यक्ष अमरनाथ गुप्ता पानीपत, उपाध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक डॉ. विकास गुप्ता कैथल, महासचिव राजेश सिंगला कुरूक्षेत्र, बलराम गुप्ता चरखी दादरी, पंजाब प्रदेश अध्यक्ष अमित जैन, कृष्ण गर्ग जीरकपुर, राजेश अग्रवाल पंजाब, महिला प्रदेश अध्यक्ष सुशीला सर्राफ, युवा प्रदेश अध्यक्ष हिमांशु गोयल ने सहित प्रदेशभर के वैश्यजन उपस्थित थे।
बॉक्स:-
किसी भी कीमत पर समाज का विश्वास नहीं टूटने दूंगा : अशोक बुवानीवाला
समारोह अध्यक्ष एवं लगातार 9वीं बार समाज की बागड़ोर संभाल रहे अशोक बुवानीवाला ने एक बार फिर उन पर विश्वास जताने के लिए प्रदेशभर के वैश्य समाज का आभार प्रकट करते हुए कहा कि समाज का ये प्यार और विश्वास न सिर्फ भावनात्मक रूप से बल्कि और भी अधिक जिम्मेदारी के साथ इस पद का निर्वहन करने के लिए मजबूत बनाने वाला है। उन्होंने कहा कि समाज के स्वाभिमान को जगाने एवं राजनीतिक भागीदारी के संकल्प के साथ जो मुहिम आज से 16 वर्ष पहले जारी की गई थी, अब और भी अधिक ऊर्जा के साथ काम करेगी। समाज को विश्वास दिलाते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी कीमत पर ये भरोसा नहीं टूटने देंगे।

